Featured

राष्ट्रीय युवा महोत्सव में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

राष्ट्रीय युवा महोत्सव में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

दरभंगा, दिनांक — ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने 39वें अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह महोत्सव एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज, नई दिल्ली के तत्वावधान में सत्यभामा विश्वविद्यालय, चेन्नई में आयोजित किया गया।

इस प्रतिष्ठित महोत्सव में विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। कल्चरल प्रोसेशन तथा शास्त्रीय वाद्य एकल (नॉन-परकशन) में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ, जबकि फोक ऑर्केस्ट्रा, शास्त्रीय नृत्य, वाद-विवाद (हिंदी), वक्तृत्व (हिंदी) एवं स्किट्स प्रतियोगिताओं में तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो० संजय कुमार चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा उनके प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। कुलपति ने आगे कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान रूप से प्रोत्साहित करता रहा है, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। उन्होंने इस सफलता के लिए सभी विजेता प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं संबंधित समन्वयकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विश्वविद्यालय के वित्त परामर्शी श्री इन्द्र कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है तथा विश्वविद्यालय प्रशासन सदैव प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं कुलसचिव डॉ० दिव्या रानी हंसदा ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करती हैं और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

खेल पदाधिकारी श्री अमृत कुमार झा ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के विद्यार्थी खेल एवं सांस्कृतिक दोनों क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।

इस अवसर पर सांस्कृतिक समन्वयक डॉ० प्रियंका राय ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षकों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी इसी प्रकार राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *