बिहार के इस गांव में 30 साल बाद हुई वोटिंग, फूल माला से मतदान कर्मियों का स्वागत।
गया जिले में इमामगंज क्षेत्र के बिराज गांव में नक्सली गतिविधियों के कारण साल 1995 में गांव से मतदान केंद्र हटा दिया गया था.
बिहार के इस गांव में 30 साल बाद हुई वोटिंग, फूल माला से मतदान कर्मियों का स्वागत।
गयाजी: बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान भी मतदाताओं में भारी उत्साह दिखा. गया जिले की इमामगंज सीट के अंतर्गत आने वाले नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
वहीं, इमामगंज क्षेत्र के बिराज गांव में 30 वर्षों के बाद मतदान हुआ है, ये गांव नक्सलवाद से प्रभावित था. नक्सली गतिविधियों के कारण साल 1995 में गांव से मतदान केंद्र हटा दिया गया था. इस चुनाव में 30 साल के बाद बिराज में दोबारा मतदान केंद्र बनाया गया और जब गांव में मतदान दल पहुंचा तो उनका भव्य स्वागत किया गया. गांव के लोगों ने मतदान कर्मियों को फूल माला पहनाकर स्वागत किया है.
गया के बिराज में लोगों ने मतदान कर्मियों को फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार 11 नवंबर को गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया. भारी जोश के साथ मतदाता घरों से बाहर निकले और भयमुक्त माहौल में अपना वोट डाला. गांव में 30 साल दोबारा मतदान की व्यवस्था किए जाने को लेकर लोग काफी खुश नजर आए. वहीं, प्रशानस की तरफ से शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई.
इमामगंज में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती: पूरे इमामगंज में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है. इमामगंज एसडीपीओ कमलेश कुमार खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने कई क्षेत्रों में जाकर मतदान केंद्रों का जायजा लिया.
एसडीपीओ कमलेश कुमार ने कहा कि इमामगंज नक्सल प्रभावित क्षेत्र है, लेकिन मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में हो रहा है. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है. मतदाताओं में भारी उत्साह है और लोग लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं.
11 बजे तक 31.38 प्रतिशत वोटिंग: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में गया समेत 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान हो रहा है. सुबह 11 बजे तक औसत 31.38 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. वहीं, गया जिले की 10 सीटों पर 34.07 प्रतिशत मतदान हुआ है.
