छत्तीसगढ़ में पिटाई से बिहार के मजदूर की मौत, पांच आरोपी गिरफ्तार।
पिटाई कांड में जिस मजदूर की मौत हुई है वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है. उसकी लाश डुमरडीह बस स्टैंड के पास मिली थी. मजदूर का नाम राहुल सिंह है. राहुल के भाई डॉक्टर राजेंद्र ने बताया कि वह विजय पांडेय के आरा मिल में बीते डेढ़ साल से काम कर रहा था. राहुल की अभी शादी नहीं हुई थी परिवार वाले उसकी शादी कि तैयारी कर रहे थे. इस दौरान ही यह दुखद घटना घट गई. राहुल के परिजनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है.
पुलिस प्रशासन ने क्या कहा ?: इस घटना पर दुर्ग के पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने मीडिया को जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि राहुल सिंह और उसका भाई सोनू रजक आरा मिल में काम करते थे. राहुल आए दिन शराब पीकर बाकी मजदूरों से झगड़ा करता था, जिसके कारण दोनों भाइयों को काम से निकाल दिया गया था. सोनू बिहार लौट गया था जबकि राहुल वहीं रुका रहा.
पिटाई से मजदूर की मौत: पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि 5 नवंबर की रात राहुल फिर आरा मिल में सोने गया, जहां यूपी और बिहार से आए मजदूर अटल पांडेय, अक्षय कुमार, राहुल सिंह, अमरनाथ प्रजापति और अंजनी से उसका विवाद हो गया. झगड़े के दौरान आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की. घायल राहुल को बस स्टैंड के पास छोड़ दिया गया, जहां सुबह उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है- अनूप लकड़ा, पाटन, एसडीओपी
पीड़ित मजदूर के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस इस केस में सभी एंगल से जांच कर रही है.
