Featured

बिहार में बदला मौसम का मिजाज: सुबह कोहरा, दिन में धूप और शाम को ठंडक…जानें कब से पड़ेंगी कड़ाके की ठंड।

नवंबर की शुरुआत के साथ ही सुबह-शाम की ठंडक ने दस्तक दे दी है। कोहरे की हल्की चादर और नरम धूप अब गुलाबी सर्दी का एहसास करा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट का पूर्वानुमान जताया है।

बिहार में ठंड ने दी दस्तक। फोटो- सोशल साइट फेसबुक

 

बिहार में मौसम का मूड अब पूरी तरह बदल चुका है। अक्टूबर के आखिर से ही ठंड की आहट मिलने लगी थी और अब नवंबर की शुरुआत में इसका असर साफ दिखने लगा है। सुबह के समय कोहरे की परत दिख रही है, दोपहर में हल्की धूप निकल रही है, और शाम होते-होते ठंडी हवाएं सिहरन बढ़ा रही हैं। पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया समेत कई जिलों में लोगों ने गुलाबी ठंड का अनुभव करना शुरू कर दिया है।

 

पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, तापमान में गिरावट शुरू
मौसम विभाग ने बताया है कि 29 अक्टूबर से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ बिहार के मौसम पर असर डाल रहा है। हालांकि, इसका तीव्र असर नहीं होगा, लेकिन इससे पछुआ हवाएं चलने लगी हैं, जिससे रात के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। राजधानी पटना में जहां दिन का तापमान 28°C से 30°C के बीच है, वहीं रात में तापमान घटकर 15°C से 17°C तक पहुंच गया है। गया, नालंदा और औरंगाबाद जैसे जिलों में रात के समय ठंड और अधिक महसूस की जा रही है।

सुबह धुंध, दोपहर में हल्की धूप, शाम को सिहरन
राज्य के कई हिस्सों में सुबह-सुबह हल्का कोहरा और धुंध छाई रहती है, जिससे विजिबलिटी प्रभावित हो रही है। हालांकि, दोपहर तक हल्की धूप निकल आने से मौसम सुहावना बना रहता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह ट्रांजिशन पीरियड है, जब मानसूनी नमी खत्म होती है और सर्दी की शुरुआत होती है। इस समय दिन में धूप और रात में ठंडक का संतुलन बना रहता है।

किसानों के लिए अलर्ट, पछुआ हवाओं से बढ़ सकती ठंड
किसानों को सलाह दी गई है कि वे पछुआ हवाओं से फसलों को बचाने के लिए तैयार रहें। रबी फसलों की बुवाई शुरू होने से पहले ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड में और तेजी आ सकती है, जबकि फिलहाल 9 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

तापमान रहेगा सामान्य से ऊपर
IMD के अनुसार, इस बार नवंबर के शुरुआती हफ्ते में तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री अधिक रहेगा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। साथ ही 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

आने वाले दिनों में बढ़ेगी सर्दी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 10 नवंबर के बाद बिहार में उत्तर-पश्चिमी हवाएं और तेज होंगी, जिससे कड़ाके की ठंड की शुरुआत मानी जाएगी। तब तक यह गुलाबी ठंड लोगों को सर्दी का हल्का एहसास कराती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *