Featured

उद्योग-धंधे में हो बढ़ोतरी तो विदेशों से लौट बिहार में करेंगे नौकरी।

बिहार विधानसभा चुनाव पर बिहार के प्रवासी लोग भी नजर रखे हुए हैं। कनाडा में रह रहे बिहारी, बिहार एसोसिएशन ऑफ कनाडा के माध्यम से जागरूकता फैलाने में जुटे हैं। उनका कहना है कि अगर बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ें, तो वे वापस लौटकर काम करना चाहेंगे।

 

वे शिक्षित और ईमानदार प्रत्याशी को चुनने की अपील कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव पर केवल अलग-अलग राज्यों में रह रहे बिहार के लोगों की ही नहीं, बल्कि विदेशों में रह रहे प्रवासी बिहारियों की भी नजर है। नौकरी से लेकर व्यवसाय से जुड़े बिहार के लोग बाहर रहकर भी चुनाव को लेकर जागरूकता फैला रहे हैं।

 

यही नहीं, ये अपने मुद्दों को भी सामने ला रहे हैं, ताकि सभी दलों की नजर इसपर जाए और घोषणापत्र में इनके मुद्दे भी शामिल हों। कनाडा में बिहार के अलग-अलग जिलों से जाकर काम कर रहे लोग बिहार एसोसिएशन ऑफ कनाडा संगठन के जरिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इनमें अधिकतर का कहना है कि उद्योग-धंधे में और बढ़ोतरी हो तो विदेशों से लौटकर हमलोग भी बिहार में ही नौकरी करेंगे।

 

वहां रहने वाले महिला-पुरुषों का कहना है कि हम भी अपने घर लौटना चाहते हैं, मगर रोजगार हमारे लिए आज भी बड़ा मुद्दा है। शिक्षित, ईमानदार प्रत्याशी को चुनने की हिमायत : कनाडा में रह रहीं और संगठन से जुड़ी नेहा शुभम, रश्मि का कहना है कि हमलोग भले ही काम को लेकर कनाडा में रह रहे हैं, मगर हमारे परिवार के लोग आज भी मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी में हैं। हमलोगों ने अपने ग्रुप में बिहार के लोगों को भी जोड़ा है।

 

इसमें हम सभी लोग यही अपील कर रहे हैं कि शिक्षित, ईमानदार प्रत्याशी को चुना जाए। लोग वोट देने जरूर जाएं। संगठन के माध्यम से हम अपने मुद्दों को भी रख रहे हैं। ग्रुप से जुड़े युवाओं की मांग है कि अधिक से अधिक रोजगार के रास्ते खुलें तो हमें बाहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। महिलाओं का कहना है कि हममें से कई ऐसी हैं, जो बिहार लौटकर अपना उद्यम लगाना चाहती हैं। जरूरी है कि आवश्यक संसाधन भी हमें मिलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *