Featured

बिहार चुनाव से पहले पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार महीने में 6.44 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त, नक्सलियों के खिलाफ शुरू होगा बड़ा अभियान।

पलामू:बिहार चुनाव को लेकर झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट है. पलामू का इलाका बिहार के औरंगाबाद, गया और रोहतास से सटा हुआ है. बिहार चुनाव को लेकर पलामू के इलाके में भी पुलिस की बड़ी कार्रवाई चल रही है. पलामू पुलिस इंटर स्टेट चेक पोस्ट के माध्यम से लगातार कार्रवाई कर रही है. पुलिस की कार्रवाई में 7 से 22 अक्टूबर के बीच एक करोड़ 80 लाख की अवैध संपत्ति को जब्त किया गया है. जबकि जुलाई महीने के बाद से पलामू में अब तक 6.44 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त हुई है. जिनमे भारी मात्रा में मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री शामिल हैं.

बिहार चुनाव को लेकर पलामू पुलिस ने चार इंटर स्टेट चेक पोस्ट की स्थापना की है. इंटर स्टेट चेक पोस्ट के माध्यम से झारखंड बिहार सीमावर्ती इलाकों में गुजरने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है और उन पर नजर रखी जा रही है. बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद झारखंड बिहार सीमा पर 2000 से भी अधिक वाहनों की जांच की गई है.

जानकारी देतीं पलामू एसपी

नक्सलियों के खिलाफ चलाया जाएगा बड़ा अभियान

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीमावर्ती इलाकों में पिछले एक महीने के दौरान नक्सलियों के खिलाफ तीन से चार बड़े अभियान चलाए गए. बिहार एसटीएफ, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ एक साथ अगले कुछ दिनों में सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा सर्च अभियान शुरू करने जा रहे हैं. यह सर्च अभियान गया एवं औरंगाबाद सीमा से सटे हुए इलाकों में चलाया जाएगा. दरअसल, सीमावर्ती इलाकों में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी एवं टीएसपीसी का प्रभाव रहा है.

चुनाव से 48 घंटे पहले सील हो जाएगी झारखंड-बिहार सीमा

बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक 48 घंटे पहले झारखंड एवं बिहार के सीमावर्ती इलाके को सील कर दिया जाएगा. पलामू पुलिस ने योजना तैयार की है कि कौन-कौन से इलाके को सील किया जाएगा. इंटर स्टेट चेक पोस्ट की संख्या भी बढ़ाई जाएगी.

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि बिहार चुनाव को लेकर इंटर स्टेट चेक पोस्ट की स्थापना की गई है और लगातार कार्रवाई जारी है. जुलाई के बाद से 6.44 करोड़ की संपत्ति जब्त की गयी है जिसमें मादक पदार्थ समेत अन्य सामग्री शामिल हैं. नक्सलियों के खिलाफ तीन से चार अभियान चलाए गए हैं. वहीं चुनाव से पहले सीमावर्ती इलाके को सील किया जाएगा. एसपी ने बताया कि बिहार चुनाव को लेकर पलामू में 117 लोगों पर बीएनएसएस की धारा 126 के तहत कार्रवाई की गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *