Featured

सहरसा में महिला दुकानदार पर फरसा से हमला:दुकान हटाने को लेकर विवाद,पडोसी ने नाक और दांत तोड़े,कान की बाली नोची।

सहरसा के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के दुर्गा मेला में एक महिला दुकानदार पर हमला किया गया है। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। घायल महिला की पहचान खड़गपुर निवासी 38 वर्षीय सुलेखा देवी के रूप में हुई है।

मेला में खिलौने और श्रृंगार की लगाई थी दुकान

पीड़िता सुलेखा देवी के अनुसार, वह दुर्गा मेला में खिलौने और श्रृंगार की दुकान चला रही थीं। इसी दौरान, बगल में दुकान लगाने वाले अनिल साह और उनके परिवार ने दुकान हटाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर अनिल साह ने फरसा से उन पर हमला कर दिया।

अस्पताल में भर्ती सुलेखा देवी साथ में मौजूद परिजन।
दुकान न चलने की खुन्नस में वारदात

सुलेखा देवी ने बताया कि, बचाव के दौरान फरसा उनके नाक और मुंह पर लगा, जिससे उनकी नाक फट गई और दो दांत टूट गए। उन लोगों ने बताया कि, अनिल की दुकान चल नहीं रही थी और जिस वजह से महिला की दुकानदारी से चिढ़ रहा था। इस कारण घटना को अंजाम दिया है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि, हमले के दौरान अनिल साह के बेटे ने उनकी दुकानदारी के पैसे उठा लिए, और अनिल की पत्नी ने उनके कान से बाली खींच ली।

खून से लथपथ जमीन पर गिरी महिला

हमले के बाद महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गईं। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सोनबरसा कचहरी थाना अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जख़्मी का सदर अस्पताल मे इलाज चल रहा है। पीड़िता के आवेदन के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *