पीएम के जन्मदिन पर पौधरोपण, दिव्यांगों को कराया भोजन।
दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने शास्त्री चौक स्थित अपने आवास पर 75 किलो का विशाल लड्डू वाला केक काटकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के सामने सांकेतिक रूप से केक खिलाया गया और उनके दीर्घायु-स्वस्थ जीवन की कामना की गई। पूरा परिसर ‘नरेंद्र मोदी जुग-जुग जियो’ के नारों से गूंज उठा। जन्मदिन समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और शहर के कई गणमान्य नेता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के लंबे और सफल जीवन की कामना की।
मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि ‘आज का दिन बेहद खास है। सृष्टि के रचयिता भगवान विश्वकर्मा का दिन है और इसी दिन नवभारत के विश्वकर्मा, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जन्मदिन है। सुबह से ही पौधरोपण कार्यक्रम और दिव्यांगों को भोजन कराया जा रहा।
शक्ति और संकल्प से नया भारत बनेगा
कहा कि विश्वकर्मा पूजा और प्रधानमंत्री के जन्मदिन का उत्सव एक साथ मनाया जा रहा है। हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बने और दुनिया के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचे। प्रधानमंत्री गरीबों और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। उनकी शक्ति और संकल्प से निश्चित ही नया भारत बनेगा।’
75 किलो लड्डू का भोग लगा
वहीं, जिले के बहेड़ी प्रखंड के जखड़ा गांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अश्विनी यादव ने विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की गई।
मंदिर परिसर में पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि विधानपूर्वक हवन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए आहुति दी गई। पूजा-अर्चना के बाद 75 किलो लड्डू का भोग लगाया गया और उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया।
इस मौके पर अश्विनी यादव ने कहा कि ‘आज हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन है। हम सभी मिलकर हवन और पूजा कर रहे हैं। मोदी ने बीते 11 वर्षों में जिस प्रकार भारत को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है, वह अभूतपूर्व है। आने वाले समय में भारत विश्वगुरु बनेगा और विश्व में शीर्ष स्थान पर पहुंचेगा। मोदी वास्तव में नवभारत के विश्वकर्मा हैं।’
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की विधायक केतकी सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि ‘मुझे बहुत खुशी है कि मैं राम की धरती से चलकर सीता की धरती पर आई हूं। इस मैथिली धरा की पावन धूल को अपने माथे पर लगाने का सौभाग्य मिला। आज प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है और इस ऐतिहासिक दिन को मिथिला की धरती पर मनाना मेरे लिए गर्व का विषय है।
पार्टी की ओर से हम सभी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं जान रहे हैं। बिहार की जनता मोदी, नीतीश और चिराग पासवान के नेतृत्व पर भरोसा कर रही है। मुझे विश्वास है कि आगामी चुनाव में बड़ी जीत सुनिश्चित है।’
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे
धार्मिक और सामाजिक आयोजन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। जिला प्रवक्ता शिवशंकर सिंह, राजीव, पप्पू जी, जयशंकर, पंकज, राणा शुभंकर, मुकेश, राजू, विजय, रामाकांत सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
पूरे आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे गूंजते रहे और उत्साह का माहौल बना रहा। जन्मदिन के इस अवसर को समाजसेवा और आध्यात्मिक कार्यक्रमों से जोड़कर इसे खास संदेश देने वाला आयोजन माना जा रहा है।
