न्यूज डेस्क: यह ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ बिहार के मुजफ्फरपुर की है। यहां एक छात्रा अपने प्रेमी को भगाकर ले जाते समय पकड़ी गई। यह कपल घर से भागकर जा रहा था, तभी मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे पुलिस को शक हुआ। जब लड़के से पुलिस ने सवाल किया, तो जवाब लड़की ने दिया। उसने निडर होकर कहा कि लड़का उसे भगाकर नहीं ले जा रहा था, बल्कि वो ले जा रही थी। दोनों की उम्र 17 वर्ष है। दोनों ही सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं। थानेदार दिनेश साहू की सूचना पर दोनों के परिजन पहुंचे और उन्हें अपने-अपने घर ले गए। हालांकि लड़की अड़ी रही कि वो एक-दूसरे से प्यार करते हैं।
मुजफ्फरपुर रेल जंक्शन पर रेलवे पुलिस को नाबालिग लड़के-लड़की की गतिविधियां संदिग्ध दिखी थीं। पुलिस ने उन्हें रोका और नाम-पता आदि पूछा। पुलिस के सवाल-जवाब से लड़का सकपका गया, लेकिन लड़की ने बिंदास जवाब दिए। मालूम चला कि दोनों एक ही कोचिंग के स्टूडेंट हैं। करीब 3 साल पहले कोचिंग में ही उनका एक-दूसरे से परिचय हुआ, दोस्ती हुई और फिर प्यार। दोनों करीब सालभर तक अच्छे दोस्त रहे, फिर एक-दूसरे से प्यार का इजहार कर दिया।
हालांकि जब इसकी भनक लड़की की मां को लगी, तो उन्होंने फटकार लगाई। इससे नाराज होकर लड़की ने घर से भागने की ठान ली। उसने लड़के को फोन करके बुलाया और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दोनों पहले बस से सीतामढ़ी से बैरिया पहुंचे। वहां से ऑटो लेकर मुजफ्फरपुर स्टेशन। लेकिन स्टेशन पर वे रेलवे पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं पाए।
रेलवे पुलिस ने जब दोनों को रोका, तो लड़का सहम गया, लेकिन लड़की निडर बनी रही। रेलवे पुलिस दोनों को अपने साथ थाने लाई। यहां उनसे घर से भागने की वजह पूछी। लड़की अपनी मां से नाराज थी। परिजनों को इनकी बढ़ती नजदीकियों का पता चल गया था, इसलिए टोका-टाकी होने लगी थी। लड़की को यह अच्छा नहीं लगता था। इसलिए उसने गुस्से में लड़के के साथ घर से भागने की प्लानिंग की थी।




