न्यूज डेस्क: पूर्वी चंपारण के कुंडवाचैनपुर थानाक्षेत्र के जटवलिया गांव में रविवार की देर शाम पत्नी की विदाई कराने गए दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक दरभंगा का रहने वाला श्याम साह बताया जाता है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा है। जानकारी के मुताबिक दरभंगा निवासी श्याम शाह पत्नी राखी देवी की विदाई के लिए जटवलिया में अपने ससुराल किशोर शाह के घर आया था। उसने ससुराल के लोगों से उसने पत्नी राखी की विदाई करने की बात की। विदाई की तिथि को लेकर सास से उसका विवाद होने लगा। सास ने विदाई करने से मना कर दिया। इसी बीच पास रखे अवैध हथियार से श्याम ने अपनी सास गायत्री देवी को मूंग के खेत में जाकर गोली मार दी।
ग्रामीणों के मुताबिक दामाद श्याम पर क्रोध इस कदर हावी हुआ कि मूंग के खेत में मूंग तोड़ने गई सास को वहां पहुंचकर पीछे से गोली मार दी। जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन गायत्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गोली गायत्री के पीठ में लगी और आर-पार निकल गई। थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि आरोपी की खोज की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दरभंगा पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
वहीं आरोपी के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि श्याम एक सनकी युवक है। उसने इससे पहले अपनी मां की भी हत्या कर दी थी। मां की हत्या के मामले में श्याम की बहन ने उसके खिलाफ दरभंगा में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस उसे उस हत्याकांड में भी खोज रही है। इधर, गायत्री के हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा है।




