यूरिया की भारी किल्लत:मधुबनी में खाद विक्रय केंद्र पर सुबह से लगी लंबी कतार, खाद नहीं मिलने से निराश होकर लौटे किसान।
मधुबनी में खाद विक्रय केंद्र पर सुबह से लगी लंबी कतार, खाद नहीं मिलने से निराश होकर लौटे किसान।
यूरिया खाद के लिए लाइन में लगे किसान।
मधुबनी प्रखंड के बाजार क्षेत्र के इफको बिक्री केंद्र पर शुक्रवार को यूरिया खाद के लिए सुबह से ही किसानों की लंबी लाइन देखी गई। बीते एक सप्ताह से खाद न मिलने के कारण किसान परेशान थे।
बृहस्पतिवार को यूरिया खाद की नई खेप केंद्र पर पहुंचने के बाद शुक्रवार सुबह तड़के ही किसानों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
खाद की उपलब्धता की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से किसान इफको केंद्र पर जुटने लगे। कुछ किसान आधी रात से ही केंद्र के पास लाइन में लग गए थे। उनका मकसद था कि उन्हें समय पर खाद मिल सके।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय लोगों और इफको कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। खाद वितरण के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड और खतौनी दिखानी पड़ी। हर किसान को निर्धारित मात्रा में यूरिया नहीं मिल पाई। इससे कई किसान गुस्सा कर दुकान से लौट आए।
किसान मंदीप शुक्ला, पिंटू मिश्रा, कन्हैया शाह, सिकन्दर और दुर्गेश चौधरी ने बताया कि वे सुबह सात बजे से लाइन में खड़े थे, लेकिन साढ़े दस बजे तक उनका नंबर नहीं आया। कुछ किसानों को पांच बजे से लाइन में घंटों खड़े रहने के बाद ही खाद मिल सकी।
किसानों ने बताया कि अभी धान में खाद डालने का समय चल रहा है। इसी समय खाद की जरूरत सबसे अधिक होती है। खाद की किल्लत से फसल की तैयारी प्रभावित हो रही थी। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई थी।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले से कम मात्रा में खाद आई है। उन्होंने जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी है। अगली बार अधिक मात्रा में खाद लाने का आश्वासन दिया गया है।
