Featured

सहरसा में हिंसक झड़प, 6 लोग जख्मी:सड़क पर स्लोप बनाने को लेकर 2 पक्षों में लाठी और फरसी से मारपीट।

सहरसा के बैजनाथपुर थाना इलाके में 2 पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दोनों पक्षो से कुल 6 लोग जख्मी हो गए। सभी जख्मी का सहरसा सदर अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाबत पुलिस जांच और कार्रवाई मे जुटी है।

मंगलवार की दोपहर बैजनाथपुर पुलिस पीड़ितों से घटना की जानकारी लेने पहुंची। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों एक ही परिवार के लोग हैं। आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में भर्ती घायलों से मामले की जानकारी लेती पुलिस।

PCC सड़क निर्माण के बीच विवाद

पहले पक्ष में मदन यादव (55), उसका बेटा नीतीश कुमार (25) और भतीजा परशुराम कुमार (22) शामिल है। दूसरे पक्ष में चंद्र किशोर (52), उसका बेटा शंकर कुमार (32) और उसका भाई राजेश कुमार (42) शामिल हैं। सभी बैजनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर वार्ड नंबर 6 तिरी के निवासी हैं।

प्रथम पक्ष के जख्मी नीतीश कुमार ने बताया कि उसके घर के सामने PCC सड़क का निर्माण किया जा रहा था। वह अपने घर के रास्ते के लिए स्लोप बना रहा था। इसी दौरान उसके चचेरे चाचा चंद्र किशोर यादव रोक-टोक करने लगे। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई।

लाठी और फरसा से किया हमला

नीतीश का आरोप है कि मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता मदन यादव और चचेरा भाई परशुराम कुमार पर लाठी और फरसा से हमला किया गया। इससे उनका सर बुरी तरह जख्मी हो गया।दूसरे पक्ष के जख़्मी शंकर कुमार ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमानुसार 12 फीट की सड़क थी। 10 फीट को लेकर उन्हें, उनके पिता और चाचा को लाठी-डंडों से मारपीट कर जख्मी कर दिया गया। जिसमे उनका और उनके पिता का हाथ फैक्चर हो गया जबकि चाचा के सर फट गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस

मंगलवार दोपहर 3:00 बजे बैजनाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जख्मियों के बयान दर्ज किए। बैजनाथपुर थाना के सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने कहा कि सड़क को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई है। इसमें सभी जख्मी हुए हैं। आवेदन के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *