Featured

दरभंगा के LNMU में आंदोलन की तैयारी:MSU के नेतृत्व में होगा विरोध, शैक्षणिक अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्र एकजुट।

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) में शैक्षणिक और प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ 30 जुलाई 2025 को एक बड़ा छात्र आंदोलन होने जा रहा है। मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) के नेतृत्व में यह आंदोलन विश्वविद्यालय मुख्यालय, दरभंगा में आयोजित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय अध्यक्ष अनीश चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह आंदोलन परीक्षा परिणामों में देरी, दाखिले में अनियमितता, भ्रष्टाचार और छात्रों से अवैध वसूली के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मिथिला क्षेत्र के सैकड़ों कॉलेजों से हजारों छात्र-छात्राएँ इसमें भाग लेंगे।

विश्वविद्यालय संयोजक अमन सक्सेना ने कहा कि यह छात्र आंदोलन वर्षों से विवि में चल रही लापरवाहियों के खिलाफ एक जन-जागरण है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्रों में देरी, रिजल्ट में महीनों का विलंब और एडमिशन प्रक्रिया में अव्यवस्था से छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।

अमन सक्सेना ने यह भी बताया कि छात्रों से विभिन्न फॉर्म, प्रमाणपत्र, परीक्षा और पुनर्मूल्यांकन जैसे मदों में अवैध रूप से शुल्क वसूला जा रहा है। विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों में कक्षाएं नियमित नहीं चलतीं। प्रयोगशालाएं और पुस्तकालय बदहाल हालत में हैं। छात्रावासों की स्थिति जर्जर हो चुकी है।

आंदोलनकारियों ने मिथिला क्षेत्र के तमाम छात्र संगठनों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, अभिभावकों और आम जनों से अपील की है कि वे छात्रों के इस संघर्ष में साथ दें। यह आंदोलन केवल विरोध नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में एक नई व्यवस्था की शुरुआत का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *