मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना:समस्तीपुर में 12वीं पास बेरोजगार युवक कर सकते हैं अप्लाई, एक हजार रुपए प्रति माह मिलेगा।
मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता योजना के तहत बेरोजगार युवा लाभान्वित हो सकते हैं। सरकार अगले दो वर्षों तक प्रत्येक महीना 1000 रुपए स्वयं सहायता भत्ता देगी। समस्तीपुर में 10000 लोगों को यह राशि दी जानी है। जिसको लेकर आवेदन की प्रक्रिया चल रही है।
जिला योजना पदाधिकारी उदय शंकर प्रसाद ने बताया, ‘बेरोजगार युवक इस योजना के लाभुक बन सकते हैं। इसके लिए बिहार का निवासी होना चाहिए। 12वीं कक्षा या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण संबंधी सर्टिफिकेट के साथ आवासीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक लेकर आप आवेदन कर सकते हैं।’
जानकारी देते हुए जिला योजना पदाधिकारी।
अप्लाई करने के लिए जरूरी दस्तावेज
इंटर अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, जिसमें जन्मतिथि अंकित हो। आवासीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक का पासबुक, स्कूल का सीएलसी और पासपोर्ट साइज फोटो को जरूरत होगी।
आवेदन करने वाले युवक और युवतियों को श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित निशुल्क 3 माह में 120 घंटे बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान, 80 घंटे अंग्रेजी या हिंदी और 40 घंटे संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रमाण पत्रों की मूल कॉपी के साथ कार्य दिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र में आकर आवेदन कर सकते हैं। मूल प्रमाण पत्र देखने के बाद उन्हें तत्काल लौटा दिया जाएगा।
