बेगूसराय में नौ दिवसीय श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ:गिरिराज सिंह बोले- दुनिया में सनातन ही एक मात्र धर्म, बाकी सब तो पंथ है।
बेगूसराय के रतनपुर में आज से नौ दिवसीय श्री राम महायज्ञ सह गौ महोत्सव की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ का शुभारंभ किया।
यज्ञ में परिक्रमा और पूजा के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। मंत्रोच्चार और श्री राम नाम के जयकारे से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। रतनपुर, पिपरा, हेमरा, पसपुरा समेत कई गांवों से लोग पहुंच रहे हैं। शाम से रामकथा का शुभारंभ होगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘यज्ञ के लिए रतनपुर गांव और आयोजक टीम को नमन है। जब हम धर्म की रक्षा करते हैं, तभी धर्म हमारी रक्षा करता है। भारत और दुनिया में सनातन धर्म ही है जो सबके लिए कल्याण की बात करता है। दूसरे धर्म में कहीं ऐसा नहीं है।
दूसरा कोई धर्म है ही नहीं, सब पंथ हैं। धर्म तो सिर्फ सनातन है। रतनपुर गांव के चारों कोनों पर मंदिर है। यहां के पूर्वज भी धर्म परायण थे। जब परिवार धर्म परायण होता है। धर्म के प्रति आकर्षण होता है तो बच्चों में भी आकर्षण होता है। सभी लोगों से अनुरोध है कि बच्चों में सनातनी संस्कार दें। यह संस्कार ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
इस मौके पर मेयर पिंकी देवी, बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार, पूर्व मेयर संजय कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, कृष्ण मोहन पप्पू, मृत्युंजय वीरेश, सुमित सन्नी समेत ग्रामीण मौजूद रहे।
