बिहार में RJD नेता ददन आजाद को अपराधियों ने मारी गोली।
बक्सर में एक बार फिर से गोलियों की गूंज सुनाई पड़ी है. आरजेडी नेता को निशाना बनाया गया है.
बक्सर में फायरिंग ।
बक्सर : बिहार के बक्सर में पिछले एक महीने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद भी किसी न किसी घटना को अंजाम देने से अपराधी बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला जिले के डुमरांव अनुमण्डल के बगेन गोला थाना क्षेत्र के भदवर गांव के समीप का है. जहां अज्ञात अपराधी ने राजद नेता ददन आजाद को पीछे से गोली मार दी. जिनका इलाज पटना में चल रहा है.
बक्सर में RJD नेता पर फायरिंग :घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, बगेन गोला थाना क्षेत्र के भदवर-बराढ़ी मार्ग पर पुल के समीप बुधवार की रात दस बजे के करीब बाइक से घर जा रहे अज्ञात अपराधियों ने राजद नेता ददन आजाद पर पीछे से गोली चला दी. गोली राजद नेता की कमर में लगी.
बहन के घर से लौटने के दौरान मारी गोली :घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ददन आजाद को पहले आरा एवं उसके बाद उन्हें इलाज के लिए पटना पहुंचाया. जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर है. ददन आजाद (50) मूलतः सोनवर्षा थाना क्षेत्र के सलाला गांव के रहने वाले हैं. वे अपनी बहन के गांव भदवर से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधी ने इस घटना को अंजाम दिया है.
”बुधवार रात की घटना है. जहां अज्ञात अपराधी ने राजद नेता के कमर में गोली मार दी है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा. अपराधी की संख्या एक बताई जा रही है.”- शुभम आर्य, एसपी, बक्सर
घटना का कारण स्पष्ट नहीं :वैसे इस वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है. हालांकि पुलिस हर एंगल को तलाशने की कोशिश में जुटी हुई है. इधर परिवार वाले घटना के बाद से काफी सहमे नजर आ रहे हैं.
एक्शन में SP :गौरतलब है कि बक्सर में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए, एसपी ने कई थानेदारों से थानेदारी छीन ली है. पुलिस कप्तान की मानें तो विधि व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले चाहे कोई भी हों, बच नहीं सकता है.
