Featured

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत:समस्तीपुर में मिठाई डिलीवरी के दौरान हादसा।

जमुई के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत सारेबाद पंचायत के मोगलचपरी गांव निवासी एक युवक की समस्तीपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान आरिफ अंसारी (22) के रूप में की गई है। वह समस्तीपुर में रहकर एक मिठाई फैक्ट्री में मजदूरी करता था। घटना रविवार सुबह 10 बजे की है। सोमवार सुबह आरिफ का शव गांव पहुंचा।

जानकारी के अनुसार कस्टमर के ऑर्डर पर वह मिठाई पहुंचाने के लिए निकला था। जैसे ही वह समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगासागर पुल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आरिफ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने की मुआवजे की मांग

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उठाया और इलाज के लिए अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने आरिफ को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया।

सोमवार की सुबह जैसे ही मृतक का शव उसके पैतृक गांव मोगलचपरी लाया गया, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों ने बिहार सरकार से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *