Featured

बिहार में फर्जी ADRM गिरफ्तार: स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में कर रहा था यात्रा, पूछताछ में हुआ भंडाफोड़।

दिल्ली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक फर्जी एडीआरएम को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के मोहान बढ़ियाम गांव निवासी दुर्गाकांत चौधरी के रूप में हुई है। घटना 5 जून की है। आरोपी ट्रेन के एच-1 कोच में यात्रा कर रहा था और खुद को समस्तीपुर मंडल का एडीआरएम आलोक कुमार झा बताकर परिचय दे रहा था। टिकट जांच के दौरान जब टीटीई ने उससे यात्रा टिकट मांगा, तो उसने आनाकानी की, जिससे संदेह गहराया। इस पर टीटीई ने मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष समस्तीपुर को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही दरभंगा में रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और सीटीटीआई दरभंगा की संयुक्त टीम हरकत में आई। ट्रेन के दरभंगा स्टेशन पहुंचते ही संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी लगातार खुद को एडीआरएम आलोक कुमार झा बताता रहा। जब उससे पहचान पत्र मांगा गया तो वह हंगामा करने लगा और रेलवे अधिकारियों के कार्य में बाधा डालने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम दुर्गाकांत चौधरी बताया। उसके पिता का नाम इंदुकांत चौधरी है।
जांच जारी इस संबंध में सीटीटीआई दरभंगा के चंदेश्वर राय ने लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल, दरभंगा पोस्ट में आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 137 (बिना टिकट यात्रा), 145 और 146 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामला संख्या 1189/2025, दिनांक 5 जून 2025 को दर्ज हुआ। गिरफ्तार आरोपी को 6 जून को रेलवे न्यायालय, समस्तीपुर में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *