ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद अपराधियों ने घर से उठाया, सरपंच पति पर आरोप।
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में अपराधियों ने हथियार के बल पर हम पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष और बीस सूत्री सदस्य राकेश कुमार का अपहरण कर लिया। आरोप संदलपुर पंचायत के सरपंच पति और आरजेडी से जुड़े डब्बू यादव पर लगा है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है।
मामले की सूचना पर बेगूसराय एसपी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। पूरी घटना की जानकारी ली। बलिया डीएसपी नेहा कुमारी के नेतृत्व में स्पेशल टीम बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ताबड़तोड़ फायरिंग से लोग दहशत में
हम नेता के भाई विवेक कुमार ने बताया कि शनिवार देर शाम कुख्यात अपराधी और सरपंच पति डब्लू यादव दर्जन भर हथियारबंद अपराधियों के साथ घर के पास पहुंचे। ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। 1 दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई है।
हथियार के बल पर राकेश कुमार को उठा लिया। दियारा की ओर भाग निकले। पुलिस रात भर अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी करती रही, लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। अनहोनी की आशंका से पूरा परिवार डरा हुआ हैं ।
वीडियो बनाने के विवाद में अपहरण
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनावी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि कुख्यात अपराधी डब्लू यादव अपने गैंग के सदस्यों के साथ रोज शराब पीकर दबंगई करता है। शनिवार देर शाम शराब पी रहा है। इस दौरान वीडियो बनाने को लेकर विवाद हो गया।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
वहीं, एसपी मनीष ने बताया कि संदलपुर वार्ड नंबर-4 से एक व्यक्ति को अगवा करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा था। मिली जानकारी के मुताबिक संदलपुर ज्ञानटोल निवासी कुख्यात अपराधी डब्लू यादव हथियार से लैस इंद्रदेव साह के पुत्र राकेश कुमार के घर पहुंचा था। मारपीट करते हुए पकड़कर दियारा की ओर ले गया है। बलिया डीएसपी नेहा कुमारी के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है।
