बिहार का यह कस्बा बना शहर, नगर पंचायत का दर्जा मिला; अब कुल 262 शहरी निकाय।
बिहार सरकार ने अधिसूचना जारी कर पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन को नगर पंचायत का दर्जा देने की जानकारी दी। अब मधुबन के लोगों को शहरों की तरह सुविधाएं मिलेंगी।
बिहार का यह कस्बा बना शहर, नगर पंचायत का दर्जा मिला; अब कुल 262 शहरी निकाय बिहार सरकार ने राज्य के एक कस्बे को शहर का दर्जा दे दिया है। पूर्वी चंपारण जिले का मधुबन कस्बा अब शहर बन गया है। इसे नगर पंचायत का दर्जा दे दिया गया है। राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बिहार में अब नगर पंचायतों की संख्या बढ़कर 155 हो गई है। वहीं, राज्य में अब कुल नगर निकाय की संख्या 262 हो गई है।
मधुबन के नगर पंचायत बनने से यहां के निवासियों को अच्छी सड़कें, सट्रीट लाइट, पानी की आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही शहरों की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार जैसी आधारभूत ढांचे का निर्माण भी इस क्षेत्र में कराया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री जीवेश मिश्रा ने मधुबन को नगर पंचायत बनाने की घोषणा करने के साथ ही खुशी जाहिर की कि इस क्षेत्र का विकास अब शहरों की तर्ज पर हो सकेगा।
मंत्री ने गुरुवार को कहा कि राज्य में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है और नगर विकास विभाग इन क्षेत्रों में बेहतरीन आधारभूत संरचना मुहैया कराने के लिए कृतसंकल्प है। विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक इस नगर पंचायत में दो गांव विशुनपुरतारा और मधुबन शामिल होंगे। मधुबन नगर पंचायत का क्षेत्रफल 552.94 हेक्टेयर है। अधिसूचना के अनुसार, नगर की चौहद्दी उत्तर में बांकी टिकम, दक्षिण में कोइलहरा, पूरब में सरैया और पश्चिम में तालिमपुर है, तथा 2011 की जनगणना के अनुसार इसकी कुल जनसंख्या 16,391 है।
