Featured

सहरसा सदर अस्पताल में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, ओडी स्लिप पहुंचाने के लिए मांगे पैसे।

सहरसा। सहरसा के सदर अस्पताल में एक कर्मचारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है। अस्पताल को ‘कोसी का पीएमसीएच’ कहा जाता है, लेकिन यहां भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा। मामला तब सामने आया जब अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजनों से ओडी स्लिप सदर थाना तक पहुंचाने के बदले 200 रुपये मांगे गए। स्ट्रिंग ऑपरेशन में इस घटना का खुलासा हुआ, जिससे अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

भ्रष्टाचार का खुलासा

करोड़ों की लागत से बना यह 300 बेड का आधुनिक अस्पताल मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बनाया गया था। लेकिन सुविधाओं की बजाय, यहां कर्मचारियों द्वारा रिश्वत मांगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को सत्तर कटैया निवासी रुकसाना खातून, जिन्हें मारपीट के बाद घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उनकी ओडी स्लिप थाने तक नहीं भेजी जा रही थी। मरीज के पति मोहम्मद मौसिम का आरोप है कि अस्पताल कर्मी ने पहले 200 रुपये मांगे, बाद में 150 रुपये देने पर ही ओडी स्लिप सदर थाना भेजी गई।

वीडियो में कैद हुई सच्चाई

वीडियो में रिश्वत लेते हुए जिस कर्मचारी की पहचान हुई है, उसका नाम कमलेश्वरी कुमार बताया जा रहा है, जो आपातकालीन कक्ष में तैनात है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में सिविल सर्जन कत्यानी मिश्रा ने कहा कि अभी तक यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वीडियो की जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *