बिहार के बेगूसराय जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। आरोप है कि महिला के अबॉर्शन के दौरान डॉक्टर ने ऑपरेशन कर दिया और इसके बाद उसे दर्द शुरू हो गया। डॉक्टर ने बिना सोचे-समझे 4-5 इंजेक्शन दिए, जिससे महिला की हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। महिला ने 15 दिन पहले गर्भपात की दवा खाई थी, जिसके बाद ब्लीडिंग होने लगी थी।
मृतका की पहचान छोटी मौजी के रामविनय साह की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है। यह घटना बखरी थानाक्षेत्र के मजार गली स्थित एक निजी क्लिनिक की है। सोनी के पति रामविनय साह ने बताया कि उनकी पत्नी डेढ़ महीने की गर्भवती थी, और जब उसे गर्भवती होने का पता चला, तो उसने 15 दिन पहले गर्भपात की दवा ली थी। इसके बाद उसे ब्लीडिंग होने लगी, लेकिन कुछ दिन बाद लगा कि स्थिति सामान्य हो गई है। हालांकि, ब्लीडिंग बंद नहीं हुई और इस पर रामविनय ने इलाज के लिए गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर से संपर्क किया। डॉक्टर ने बखरी में इलाज कराने की सलाह दी और सोनी को वहां लेकर आए।



