दरभंगा एयरपोर्ट। दरभंगा एयरपोर्ट। दरभंगा एयरपोर्ट पर शुक्रवार की सुबह कुहासे की वजह से कम दृश्यता के कारण आज की फ्लाइटें भी कैंसिल रहेंगी। गुरुवार को मुंबई से 11.05 बजे आने वाली एसजी 950 नंबर की फ्लाइट यहां नहीं पहुंची। इस वजह से दरभंगा से भी मुंबई की उड़ान रद्द रही। वहीं, नई दिल्ली- दरभंगा-नई दिल्ली के बीच फ्लाइट एसजी 751 और फ्लाइट 6 ई 360 भी रद्द रही। दोनों उड़ानें नई दिल्ली से दरभंगा नहीं पहुंची।
उधर, कोलकाता और हैदराबाद जाने के लिए दूर-दूर से एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को भी निराश होना पड़ा। हैदराबाद से फ्लाइट 6ई537 और कोलकाता से फ्लाइट 6ई7234 के नहीं पहुंचने की वजह से दरभंगा एयरपोर्ट से भी इन दोनों शहरों के लिए दोनों उड़ानें रद्द रहीं। एयरपोर्ट से गुरुवार को सभी 10 विमानों के रद्द रहने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी थी। सुबह 11 बजे के बाद मौसम के पूरी तरह साफ हो जाने के बावजूद एक भी विमान दरभंगा एयरपोर्ट पर नहीं पहुंचा। उड़ानों के रद्द रहने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह में कोहरा छाए रहने की वजह से पिछले कई दिनों से विमान सेवा बेपटरी हो गई है। यात्री सवाल कर रहे हैं। अपने रिश्तेदार को रिसीव करने आये एक व्यक्ति ने बताया कि घंटों का सफर कर वे यहां पहुंचे। वहां से फ्लाइट दोपहर में यहां पहुंचती है। गुरुवार को मौसम साफ रहने के बावजूद फ्लाइट को क्यों रद्द किया गया, यह उनकी समझ से परे है।




