बिहार: ‘सलामती चाहते हो तो 30 लाख दो’, बिहार सरकार के मंत्री को धमकी भरा मैसेज
बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सिंह को धमकी दी गयी है. वाट्सएप चैट के माध्यम से 30 लाख रुपए की डिमांड की गयी है.
पटना:बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह को व्हाट्सएप कॉल करके अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है. मंत्री को धमकी मिलने के बाद पुलिस अलर्ट हो गयी है. कोतवाली थाने की पुलिस पहुंच कर मामले की जांच में जुटी है. हालिया दिनों में ही कई लोगों को धमकी भरा कॉल आया है. इसमें पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को धमकी दी गई थी. इसी कड़ी में बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह को व्हाट्सएप कॉल के जरिए और मैसेज भेज कर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है.
मंत्री से 30 लाख रुपए की डिमांड की गई है. मंत्री के मोबाइल पर वाट्सएप कॉल आया था, जिसमें साफ तौर से कहा गया कि “पैसे दो वरना कहीं भी टपका दिए जाओगे.”मैसेज में लिखा हुआ है कि “अगर अपनी जिंदगी चाहते हो तो मेरा बात मान लो.” इसकी सूचना मंत्री ने कोतवाली थाने को दी है.
कोतवाली थाना प्रभारी राजन कुमार पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हैं. इस पूरे मामले की जानकारी देते कोतवाली लॉ एंड आर्डर डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि मंत्री जी को एक कॉल आया था. उन्होंने कॉल रिसीव किया तो धमकी भरा मैसेज आया. इसकी जांच की जा रही है. “जिस नंबर से कॉल आया था उस नंबर की जांच में पुलिस जुटी है. जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
