Featured

अररिया : CSP संचालक से लूट मामले का खुलासा, एक बदमाश गिरफ्तार:अररिया में हथियार के बल पर लूटे थे कैश और लैपटॉप, अन्य की तलाश जारी

अररिया के भरगामा थाना क्षेत्र के पैकपार निवासी सीएसपी संचालक राजेश पासवान से 25 अक्टूबर 2024 को हुए लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। इस मामले में पुलिस ने एक अपराधी बाबूलाल पासवान (31) को जयनगर गेट, भरगामा के पास से गिरफ्तार किया। अररिया एसपी कार्यालय ने बुधवार शाम प्रेस विज्ञप्ति के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी।

हथियार के बल लूटे थे कैश

फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि घटना में दो बाइकों पर सवार चार अपराधियों ने राजेश पासवान से 35 हजार रुपए नकद और एक लैपटॉप लूट लिया था। लूटकांड की जांच भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल किया गया।

गिरफ्तार बाबूलाल पासवान, निवासी मिरदौल, नरपतगंज, से पूछताछ के दौरान अन्य अपराधियों की जानकारी मिली। मामले में शामिल एक अन्य अभियुक्त मनीष पासवान को छातापुर थाना पुलिस ने अलग मामले में पहले ही गिरफ्तार किया है। मनीष को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ साहा के साथ भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। पुलिस टीम ने इस सफल कार्रवाई को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *