सीवान : सीवान में महिला शिक्षिका से 1 लाख की लूट:बाइक सवार अपराधी बैग लेकर हुए फरार, बैंक से पैसा निकालकर आ रही थी महिला
सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के कुलदीप गांव के समीप बाइक पर सवार अपराधियों ने एक महिला शिक्षिका से उसका बैग छिन लिया। जिसमें बैंक से निकाले हुए 1 लाख रुपये और पहले से 2 हजार रुपये रखे हुए थे। साथ ही बैग में आधार कार्ड, मोबाइल और अन्य जरूरी कागजात रखे हुए थे।
पीड़ित महिला शिक्षिका की पहचान दरौली थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के माया कुमारी के रूप में हुई है। जो मैरवा के अटवा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। इस घटना के बाद शिक्षिका के पति अखिलेश्वर गुप्ता ने मैरवा थाना में पहुंचकर आवेदन दिया है।
उन्होंने बताया कि एडीबी बैंक से 1 लाख की निकासी कर स्कूल से आने के क्रम में यह घटना हुई है। बाइक सवार अपराधियों ने झपट्टा मारकर बैग छिनकर फरार हो गए।
मैरवा थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मैरवा में दो छिनतई की घटनाएं हुई है। जिसमें एक महिला शिक्षिका के साथ भी लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। अपराधियों ने महिला शिक्षिका से 1 लाख की लूट की है। इस मामले में महिला शिक्षिका और उनके पति ने आवेदन दिया है। जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महिला से हथियार के दम पर लूट
उन्होंने बताया कि दूसरा मामला मैरवा प्रखंड मुख्यालय के ठीक सामने की है। जहां बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध महिला से पिस्तौल का भय दिखाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाश महिला से सोने का मंगलसूत्र, कान का वाली और लगभग 4 हजार रुपये छिनकर फरार हो गए। इस घटना को अंजाम देने में एक बाइक पर सवार दो युवक और एक महिला अपराधी शामिल हैं।
पीड़ित महिला की पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के बरासो गांव के हरेंद्र सिंह की पत्नी समुद्री देवी के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि पोस्ट ऑफिस से रुपए निकालने के बाद घर लौटने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रही थी, तभी अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर उनसे छिनतई की घटना को अंजाम दिया है।
