Featured

बेगूसराय : हिस्से की जमीन मांगी तो किसान को पीट-पीटकर मार डाला:बेगूसराय में पोते को बचाने में दादा की मौत, सर्वे में नाम चढ़ाने की बात पर चली लाठियां

बेगूसराय में जमीन विवाद में वृद्ध किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया पर जान नहीं बची। मृतक महादेव चक गांव निवासी सूर्यनारायण महतो (70) हैं। जो अपने पोते के साथ अपनी जमीन पर गए थे। गांव में सर्वे की प्रक्रिया चल रही है। जमीन का भौतिक सत्यापन होना था।

सूर्यनारायण ने सर्वे करने वालों से जमीन के कागजात पर अपना नाम चढ़ाने की बात कही थी। गोतिया ने विरोध जताया और हिस्सा नहीं देने को कहा।

सूर्यनारायण के पोते ने भी विरोध किया और खानदानी जमीन में अपने दादा के हिस्से के लिए आवाज उठाई। जिसके बाद गोतिया ने पोते के साथ मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव में सूर्यनारायण को भी लाठी-डंडे से पीटा। मारपीट में उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हैं। घटना बखरी थाना क्षेत्र के महादेव चक गांव की है।

अस्पताल में मौजूद परिजन।
पहले से किसी तरह का विवाद नहीं था

मृतक की बहू रेणु देवी ने बताया कि सर्वे चल रहा है। इसी को लेकर मेरे ससुर सूर्य नारायण महतो जमीन दिखाने गए थे। जहां उन्होंने अपने हिस्से की बात की तो मनटुन महतो सहित अन्य गोतिया ने विरोध किया। इसी बात पर मेरे बेटे ने हिस्सा देने की बात कही थी।

मनटुन महतो और महेंद्र महतो बोला कि यह हमारे कब्जे में है, इसलिए हिस्सा नहीं देंगे। मेरे बेटे ने कहा कि सर्वे में मेरे दादा का भी नाम होगा। इसके बाद मेरे बेटे को वे लोग मारने लगे। बचाने गए मेरे ससुर को लाठी से पीटने लगे। वे बेहोश हो गए, इसके बाद हम लोग अस्पताल लाए, जहां मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक के बेटे रामनाथ महतो ने कहा कि मनटुन महतो, कृष्णनंदन महतो, महेश महतो, रवीश महतो, मनीष महतो ने मिलकर मारपीट शुरू की थी। जमीन को लेकर पहले से कोई लड़ाई नहीं चल रही थी। यह लोग सर्वे में जमीन अपने नाम से करवाना चाहते थे। विरोध करने पर मार दिया।

मौके पर जांच के लिए पहुंची पुलिस।
सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है

बखरी थानाध्यक्ष ने बताया कि जमीन विवाद में मारपीट की बात सामने आई है। अस्पताल से परिजनों ने सूचना दी कि सूर्यनारायण महतो को पीट-पीटकर मार दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *