दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के घाट के समीप शुक्रवार को डेढ़ महीने पहले के कोचिंग में हुए विवाद को लेकर 12वीं कक्षा के एक छात्र पर लगभग 8 युवकों ने हमला कर दिया। पीड़ित ने शोर मचाया तो सभी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित के परिजन को सूचना दी गई और युवक को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती किया गया।
जख्मी युवक की पहचान सिंहवाड़ा निवासी राजकुमार सिंह के 17 वर्षीय पुत्र सूरज सिंह के रूप में हुई है। सूरज ने इलाज के दौरान बताया कि डेढ माह पहले बंगाली टोला के एक कोचिंग में दोस्त थलवाड़ा निवासी दीपक के साथ बकझक हुआ था। उस वक्त मैंने दीपक की पिटाई कर दी थी। तब से दीपक दूसरे कोचिंग में पढ़ने लगा।
इसी बात को लेकर शुक्रवार को दीपक के सहयोगी बरहेता निवासी दानिश, थलवाड़ा निवासी राजा और दीपक ने मिलकर एकमी घाट के पास ऑटो से आ रहे सूरज सिंह पर हमला कर दिया। जख्मी के सिर, गर्दन, पीठ और चेहरे पर गहरे जख्म है।
कोमा में जाने की स्थिति हो गई
जख्मी के पिता राजकुमार सिंह ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से थलवाड़ा के युवक सूरज को मारने पीटने की धमकी दे रहे थे। सूरज को बुला रहे थे। मैं नहीं समझ रहा था कि यह लोग जान मारने की नीयत से हमला करेंगे। डॉक्टर ने स्थिति गंभीर बताई है। डॉक्टर ने कहा है कि मेरे बेटे की कोमा में जाने की भी संभावना है।




