अररिया : रोड नहीं बनने पर लोगों में आक्रोश, किया प्रदर्शन:अररिया में लोगों को आवाजाही में परेशानी, 11.6 KM का काम 6 माह बाद भी अधूरा
अररिया के सिमराहा में निर्माणाधीन सड़क की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से अजीज होकर लोगों के सब्र का बांध टूट गया और शनिवार को लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण तेजी से पूर्ण करने की मांग की।
मिर्जापुर से सिमराहा रेलवे स्टेशन मार्ग से आवागमन करना लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है, क्योंकि सडक बनाने हेतु रखी गिट्टी से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं सड़क पर उड़ रही धूल से जहां लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। संवेदकों द्वारा बरती जा रही उदासीनता लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रही हैं, जिससे आमजनों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि 11.6 किलोमीटर सड़क निर्माण में आठ माह बाद भी कार्य अधूरा है।
लोगों का कहना है कि संवेदक मनमर्जी की तरह कार्य कर रहा है जब मर्जी होती हैं कुछ दिन काम करता है और फिर छोड़ देता है जिससे आमजनों को काफी परेशानी का सामना करना पडता है। वहीं कुशवाहा चौक वार्ड नंबर 5 के समीप लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने छठ पर्व से पूर्व सड़क निर्माण करने की मांग की है। घंटों आवागमन बाधित रहा। ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को बुलाने के मांग पर अड़े रहे। मामले को लेकर ग्रामीण कार्य विभाग के जेई राजीव सिंह ने बताया कि बारिश एवं मजदूर की कमी की वजह से काम रुका हुआ था। कल से ही काम की शुरुआत पुनः कर दी जाएगी।
