Featured

मधुबनी : मोमबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग, JCB समेत 50 लाख की संपत्ति जलकर राख

मधुबनी में एक मोमबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अगलगी की इस घटना में करीब 50 लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना रहिका थाना क्षेत्र के जिबछ चौक के पास की है। जानकारी के मुताबिक, रहिका थाना क्षेत्र के जिबछ चौक के पास स्थित मोमबत्ती फैक्ट्री में रविवार की सुबह मजदूर काम कर रहे थे, तभी आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी की इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों ने फैक्ट्री से भागकर अपनी जान बचाई।
फैक्ट्री मालिक सुनील कुमार और स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। दमकल की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना में एक जेसीबी के अलावा अन्य सामान जलकर राख हो गए। फैक्ट्री मालिक का कहना था कि अगर दमकल की टीम समय पर पहुंच गई होती तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *