बिहार : नवादा में महादलित टोला पर दबंगों का आतंक, फायरिंग में 80 घर जलाए, भारी पुलिस बल तैनात
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूमि विवाद को लेकर बवाल के बाद दलित बस्ती में आग लगा दी गई. भूमि विवाद में दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ, इस दौरान मारपीट और आगजनी की भी घटना हुई. इसके बाद कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया. घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ननौरा के पास स्थित कृष्णा नगर दलित बस्ती की है, जहां झड़प हुई है.
तेजस्वी ने बताया महा जंगलराज, महा दानवराज
नवादा की घटना पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव का बयान आया है. तेजस्वी ने इस घटना की तुलना महा जंगलराज, महा दानवराज, महा राक्षसराज से की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा, ‘महा जंगलराज महा दानवराज महा राक्षसराज. नवादा में दलितों के 100 से अधिक घरों में लगाई आग. नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के राज में बिहार में आग ही आग. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेफिक्र, NDA के सहयोगी दल बेखबर. गरीब जले, मरे-इन्हें क्या? दलितों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं होगा.’
घटना पर नवादा एसडीपीओ सुनील कुमार ने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद का लग रहा है. अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
