Featured

आग ने ले लिए 15 घर, झुलस कर बच्ची की भी हुई मौत।

आग लगने से 15 घर जले, बच्ची झुलसी।

दरभंगा: जिले के अलीनगर प्रखंड के नरमा गांव के राजन टोल में सोमवार दोपहर बाद कृपाल मुखिया के घर में अचानक लगी आग से देखते ही देखते 15 घर जलकर राख हो गए। घटना में झुलसने से कृपाल मुखिया की चार वर्षीया बेटी राधा कुमारी की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही दरभंगा में बैठक में शामिल सीओ अजय राठौर ने हल्का कर्मचारी को मौके पर भेजा। बाद में खुद भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि तत्काल सभी पीड़ितों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया है। अगले दिन पीड़ितों को अन्य सरकारी सहायता मुहैया करायी जाएगी। सीओ ने कहा कि बच्ची की लाश के अवशेष को पंचनामा बनाकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि बिजली की शॉर्ट सर्किट अथवा चूल्हे की आग के अवशेष से आग लगी होगी। घटना के बाद पीड़ित परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल हो रहा है।

बताया जाता है कि सोमवार दोपहर जब अधिकतर लोग गांव में गेहूं की कटाई अथवा अन्य काम में व्यस्त थे, तभी अचानक कृपाल के घर से आग की लपटें उठी। इससे गांव में हड़कंप मच गया। लोग विभिन्न स्रोतों से आग बुझाने के प्रयास में जुट गए लेकिन चिलचिलाती धूप और तेज पछुआ हवा के आगे किसी की नहीं चली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *