Featured

बेगूसराय: बाढ़ प्रभावित स्कूल 21 अगस्त तक बंद:बेगूसराय में 7 प्रखंडों की 2 लाख से अधिक की आबादी पानी से घिरी, प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी

बेगूसराय में गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण बाढ़ से सात प्रखंडों की स्थिति खराब हो गई है। सात प्रखंडों की 2 लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से प्रभावित हो गई है। हालांकि बीते 24 घंटे गंगा के जलस्तर में 80 सेमी की कमी आई है, लेकिन इससे अभी लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली है।

गंगा नदी के बाढ़ से प्रभावित हुए सात प्रखंडों के 89 विद्यालय प्रभावित हो गए हैं। जहां स्कूली बच्चे और शिक्षक बाढ़ के पानी से होकर विद्यालय जाने को मजबूर हुए। इसके मद्देनजर सभी प्रभावित विद्यालयों को छह दिन के लिए बंद कर दिया गया है। बाद में स्थिति के अनुसार फिर निर्णय लिया जाएगा।

डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया है शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित प्रखंड के विद्यालय से संबंधित प्रतिवेदन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने उपलब्ध कराया। प्रतिवेदन के आधार पर बाढ़ प्रभावित सभी विद्यालय को 16 से 21 अगस्त तक बंद करने का आदेश दिया गया है।

सभी प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया गया है कि विद्यालय में रखे उपकरण और अन्य सामानों को सुरक्षित स्थान पर रख दें। 21 अगस्त के बाद परिस्थिति के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा।

पानी से होकर स्कूल जातीं शिक्षिका।
निचले इलाके में रहने वाले लोग ऊंचे स्थान पर जा रहे

दरअसल बेगूसराय जिला के बछवाड़ा, तेघड़ा, बरौनी, मटिहानी, बलिया और साहेबपुर कमाल प्रखंड का दियारा इलाका बाढ़ से प्रभावित है।

जबकि शाम्हो प्रखंड का पूरा प्रखंड क्षेत्र ही बाढ़ से प्रभावित हो गया है। इन प्रखंडों के निचले रहने इलाके में रहने वाले लोग ऊंचे स्थानों पर शरण ले चुके हैं। लोगों ने बाढ़ से अधिक प्रभावित क्षेत्र से मवेशियों को भी निकाल लिया है।

डीएम ने सिविल सर्जन और पशुपालन पदाधिकारी को प्रभावित क्षेत्रों में कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय स्तर पर नाव की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड में है। संबंधित क्षेत्र के अंचलाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *