Featured

बेगूसराय : एनएच किनारे मिली अज्ञात युवक की लाश:देवघर जा रहे कांवरिया ने यात्री शेड के पास देखा शव, पुलिस पहचान में जुटी

बेगूसराय में एक अज्ञात युवक की लाश मिली है। पुलिस लाश को सदर अस्पताल भेज मामले की छानबीन और मृतक की पहचान में जुट गई है। लाश एनएच-28 के जीरोमाइल-मुजफ्फरपुर खंड पर बरौनी थाना क्षेत्र में स्थित पिपरा देवस पटेल चौक के समीप वाले यात्री शेड में मिला।

बताया जा रहा है कि आज देवघर जा रहे कुछ कांवरिया पिपरा देवस पटेल चौक पर रुके और शौच करने के लिए साइड में जा रहे थे। तभी यात्री शेड में लगे पानी में औंधे पड़े एक युवक की लाश देखी। लाश देखते ही शोर मचाई तो मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। लेकिन किसी ने भी मृतक की पहचान नहीं की।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा

बरौनी थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बरौनी थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची और काफी प्रयास के बाद भी पहचान नहीं होने पर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। मृतक का फोटो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म और सभी थाना में सर्कुलेट किया गया है, जिससे पहचान हो सके।

लाश की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है की 10-12 घंटे पहले रात के अंधेरे में उसे फेंका गया है। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही हम लोग पहुंचे। करीब 34 वर्षीय मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के निशान नहीं हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *