Thursday, September 10, 2026
Latest:
Featuredदरभंगा

अमृत भारत ट्रेन का दरभंगा जंक्शन पर देर रात लोगों ने किया स्वागत।

अमृत भारत एक्सप्रेस के अयोध्या से चलकर देर रात दरभंगा जंक्शन पर पहुंचते ही लोगों का इंतजार खत्म हुआ। इस ट्रेन के दरभंगा पहुंचने पर इसका भव्य स्वागत किया गया। इसके स्वागत के लिए शाम से ही लोग दरभंगा जंक्शन पर पहुंचे हुए थे। लोग इस ट्रेन के पहुंचने के बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे थे। इस दौरान उनकी उत्सुकता देखते ही बन रही थी।

पहली जनवरी से दरभंगा से इस ट्रेन का नियमित परिचालन होगा। इस ट्रेन का स्वागत करने के लिए सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों लोग स्टेशन पर मौजूद थे। सांसद के नेतृत्व में दरभंगा जंक्शन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का स्वागत करने के लिए रुके यात्रियों एवं स्थानीय लोगों के लिए भाजपा जिला महामंत्री ज्योति कृष्णा झा लवली, सदर मंडल अध्यक्ष राजू झा, मनीष कुमार आदि की निगरानी में भोजन का इंतजाम किया गया था। भोजन की तैयारी में ये लोग दोपहर से ही लगे हुए थे।

अमृत भारत एक्सप्रेस के सम्मान में जंक्शन पर प्रतीक्षारत यात्रियों व स्थानीय लोगों के सम्मान में सांसद की देखरेख में मैथिली के नामचीन गायकों का सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक जारी रहा।

गायकों में रामबाबू झा, रचना झा, चांदनी झा चकोर, राजीव रंजन, आयुष्मान शेखर, शिवानी झा, दुर्गानंद झा, भगवान बाबू झा, बबलू झा, अंकित झा आदि शामिल थे। इनके गायन से लोगों में उत्साह का वातावरण अंत तक बना रहा। इस मौके पर रेलवे के स्थानीय अधिकारी एवं कर्मी भी वहां मौजूद थे।

जंक्शन अधीक्षक मनोज कुमार व पप्पू पासवान सहित दर्जनों अधिकारी एवं कर्मी अमृत भारत एक्सप्रेस के आगमन की तैयारी में जुटे थे। दरभंगा जंक्शन पर इस ट्रेन के स्वागत के लिए इंतजार कर रहे शहर के लक्ष्मीसागर के बुद्धिनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह ट्रेन चलाकर मिथिलावासियों को बड़ी सौगात दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *