Featured

दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर डीएम की अध्यक्षता में शांति समिति के सदस्यों के साथ हुई बैठक


सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने एवं उपद्रवी तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा एवं अग्नि सुरक्षा यंत्र लगाना अनिवार्य
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे पुलिस की निगरानी : एसएसपी
विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का अनुपालन एवं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य


दरभंगा, 07 अक्टूबर 2026 :-
दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय स्थित डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति के सम्मानित सदस्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, मूर्ति विसर्जन, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शांति समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में शांति समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को संबंधित पदाधिकारियों द्वारा नोट किया गया है तथा उस पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने वैकल्पिक पार्किंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जलजमाव एवं पानी लीकेज जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
नगर आयुक्त को शहर में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है। इसलिए किसी भी पूजा पंडाल में किसी राजनीतिक दल अथवा अभ्यर्थी से संबंधित पोस्टर, बैनर या प्रचार सामग्री नहीं लगाई जाएगी।
उन्होंने सभी पूजा समितियों से आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने जिला अग्निशमन पदाधिकारी को जिले के सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में आवश्यक अग्नि सुरक्षा यंत्र उपलब्ध रखने को अनिवार्य बताया।
कार्यपालक अभियंता विद्युत को सभी पूजा पंडालों में विद्युत तार, कनेक्शन एवं अन्य विद्युत व्यवस्थाओं की जांच करने का निर्देश दिया गया,ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उन्होंने सभी पूजा समितियों को पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाने तथा सीसीटीवी निगरानी संबंधी साइनेज प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। साथ ही पूजा समितियों के वॉलिंटियर्स की सूची थाना स्तर पर उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यक संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों को पूर्व से चिन्हित रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान पूर्व से निर्धारित मार्ग का ही अनुपालन किया जाएगा। विसर्जन जुलूस के मार्ग एवं समय का पालन पूजा समितियों को अनिवार्य रूप से करना होगा।
जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को सभी प्रमुख पूजा पंडालों में आवश्यक मेडिकल किट उपलब्ध कराने तथा डीएमसीएच में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति एवं आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को देखते हुए शहर में चल रहे एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को आवश्यक अवधि के लिए अवरुद्ध रखा जाएगा,ताकि आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम का गठन करने का भी निर्देश दिया।
बताया गया कि 17 अक्टूबर को सप्तमी तथा 18 से 20 अक्टूबर तक अष्टमी, नवमी एवं दशमी का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पूजा पंडालों एवं विभिन्न स्थलों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों एवं प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ बाइक गश्ती दल को सक्रिय रखा जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों एवं भ्रामक सूचना प्रसारित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी
उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने, अफवाह फैलाने अथवा उपद्रव करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार गौरव ने सभी पूजा समितियों को अपने वॉलिंटियर्स की सूची संबंधित थाना को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं उसकी निगरानी संबंधी सूचना प्रदर्शित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पूजा समितियां प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
नगर आयुक्त श्रीमती गरिमा लोहिया ने बताया कि नगर क्षेत्र के सभी पूजा स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार चलंत शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

माननीय महापौर श्रीमती अंजुम आरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा पूजा के दौरान साफ-सफाई, सड़क पर जलजमाव एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शांति समिति के सदस्यों द्वारा पूजा स्थलों के समीप नगर निगम के माध्यम से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, पूजा पंडालों में कचरा संग्रहण हेतु प्लास्टिक डस्टबिन की व्यवस्था तथा महिला पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सहित विभिन्न सुझाव दिए गए।
संबंधित पदाधिकारियों को इन सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी, नगर आयुक्त श्रीमती गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *