Featured

मा.मंत्री पथ निर्माण विभाग की अध्यक्षता में प्रमंडल, दरभंगा अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर हुई समीक्षा बैठक

मा.मंत्री ने सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का दिया निर्देश

जिला अतिथि गृह, दरभंगा में माननीय मंत्री, पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, दरभंगा श्री कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में पथ प्रमंडल, दरभंगा अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने पथ निर्माण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं कार्य प्रगति से माननीय मंत्री महोदय को अवगत कराया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्य की प्रगति तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

इसके उपरांत माननीय मंत्री महोदय ने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंताओं से बारी-बारी से विभिन्न योजनाओं की कार्य प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के क्रम में योजनावार प्रगति, निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, कार्य पूर्ण होने की संभावित समय-सीमा तथा कार्यान्वयन के दौरान आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई।

माननीय मंत्री महोदय ने सर्वप्रथम प्रगति यात्रा के दौरान ली गई योजनाओं की समीक्षा की। इनमें एकमी-शोभन सड़क परियोजना,मकीया क्षेत्र आदि से संबंधित सड़क योजना शामिल है।साथ ही एलिवेटेड रोड परियोजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं का भी समीक्षा किये। उन्होंने संबंधित अभियंताओं से इन योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने का निर्देश दिया।समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री महोदय ने सभी योजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्माण कार्यों की नियमित रूप से निगरानी करने तथा कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने देने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पथ निर्माण विभाग की योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य प्रगति सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अधीक्षण अभियंता, पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल दरभंगा श्री राम शकल सिंह, अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय पथ प्रमंडल दरभंगा श्री अरुण कुमार, बिहार राजपथ विकास निगम के अभियंता, पुल निर्माण निगम के अभियंता सहित पथ निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियों के अन्य अभियंतागण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *