गुप्त सूचना पर मद्यनिषेध टीम की बड़ी कार्रवाई
72 लीटर कफ सिरप के साथ कार जब्त, एक अभियुक्त गिरफ्तार

मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, दरभंगा श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध टीम द्वारा सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर चौक के समीप छापेमारी की गई।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान एक कार से 100 एम.एल. के 720 पीस कफ सिरप, जिसकी कुल मात्रा 72 लीटर है, बरामद किया गया। इस दौरान कफ सिरप से लदी कार को जब्त कर लिया गया तथा मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

सहायक आयुक्त ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध मद्यनिषेध विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
