नए राशन कार्ड निर्माण एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
राशन कार्ड निर्माण में तेजी लाने, ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नए राशन कार्ड निर्माण एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। वहीं सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नए राशन कार्ड निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का राशन कार्ड शीघ्र बनाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन कार्ड लाभुकों का ई-केवाईसी (e-KYC) कार्य भी तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

सर्वेक्षण कार्य के दौरान आ रही सर्वर कठिनाइयों को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक पुरुष ऑपरेटरों के माध्यम से नए राशन कार्ड बनाने का कार्य संचालित कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक आवेदन का निष्पादन समयबद्ध ढंग से किया जा सके।

बैठक में आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय ध्वज का व्यापक स्तर पर वितरण सुनिश्चित किया जाना है तथा प्रत्येक पंचायत एवं शहरी क्षेत्र में अभियान को उत्सव के रूप में मनाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के अंतर्गत साइकिल रैली एवं बाइक रैली का आयोजन किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन सहित देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, जिससे राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
