Featured

आगामी मुहर्रम पर्व पर विधि व्यवस्था संद्यारण को लेकर डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक

सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई,शांति समिति की बैठक एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के दिए निर्देश

आगामी मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दरभंगा एनआईसी से जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीडीपीओ सभी थाना प्रभारियों एवं अंचलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम का पर्व संवेदनशील होता है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी विशेष सतर्कता बरतें।
उन्होंने निर्देश दिया कि मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन अवश्य करें तथा संभावित समस्याओं का पूर्व आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने का शख्त निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारियों को वारंटियों को बाउंड डाउन कराने, शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। अपराधी एवं असामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की अखाड़ा समितियों की सूची तैयार कर उनके साथ बैठक करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुहर्रम जुलूस के लिए विधिवत लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा तथा डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, बैरिकेडिंग लगाने तथा सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर लगे पुराने झंडों को हटाने हेतु सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने गश्ती दलों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार यादव सहित पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *