Featured

दरभंगा में ठंड बढ़ी, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंचा:डॉक्टर ने दी अलर्ट रहने की सलाह, कहा- भीड़ में मास्क लगाएं।

दरभंगा में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाम ढलते ही ठंड तेजी से बढ़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने के कारण हल्की गर्माहट बनी रहती है।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार सभी दिनों में अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। अगले सोमवार और मंगलवार को तापमान घटकर 26 डिग्री और उसके बाद वाले बुधवार को 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक हो सकता है।

बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों ने रजाई, कंबल, स्वेटर और जैकेट निकाल लिए हैं।

मौसम परिवर्तन का असर स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल DMCH में ऐसे मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है, जिसके लिए सभी को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की जरूरत है।

डीएमसीएच के डॉक्टर डॉ. भवेश कुमार ने बदलते मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सर्दी की शुरुआत होते ही अक्सर लोग लापरवाही बरतने लगते हैं, जबकि इसी समय सबसे अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता होती है।

सतर्क नहीं रहने से होगी बीमारी

डॉ. भवेश के अनुसार, मौसम बदलते ही तुरंत गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव करने की जरूरत होती है। ठंड बढ़ते ही लोग सामान्य स्वच्छता के प्रति ढिलाई बरतने लगते हैं, जो बीमारी को बढ़ावा देती है।

उन्होंने बताया कि सर्दी, खांसी और बुखार वायरल संक्रमण होते हैं, जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक आसानी से फैलते हैं। यह संक्रमण हाथों के संपर्क से भी तेजी से फैलता है। इसलिए बाहर से घर आने पर कुछ भी खाने से पहले, सार्वजनिक स्थलों पर जाने के बाद हाथों की अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है।

भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जाने से पहले मास्क पहनने की भी सलाह दी गई।

डॉक्टर ने यह भी कहा कि सर्दी-बुखार होने पर लोग अक्सर खुद से दवा लेकर सेवन करने लगते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह आदत गलत है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *