Featured

टीचर के ट्रांसफर का विरोध, एसडीपीओ और एसडीएम मौके पर पहुंचे; स्कूल में एक सप्ताह की छुट्‌टी।

दरभंगा जिले के जवाहर नवोदय स्कूल पचाढ़ी में टीचर के ट्रांसफर के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन और भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स पहले कैंपस में भूख हड़ताल पर बैठे थे, लेकिन गुरुवार सुबह स्कूल से बाहर निकलकर चौक पर पहुंच गए। वहां नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, एसडीपीओ, एसडीएम और केवटी, रैयाम, सिमरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अपनी मांग पर अड़े रहे। काफी प्रयास के बाद विद्यालय लौटे। इसके बाद वहीं धरने पर बैठ गए।

एसडीपीओ और एसडीएम छात्रों को समझाते हुए।
स्कूल में एक सप्ताह की छुट्‌टी

वहीं, विद्यालय के नए प्राचार्य विजय कुमार ने बताया कि उन पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। विद्यालय में अनुशासन और सुधार लाने का प्रयास कर रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर माहौल सामान्य करने के लिए विद्यालय में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित की गई है। सभी छात्रों को घर भेजे जाने का आदेश दिया गया है।

मेडिकल टीम के डॉ. राजेश कुमार ने बताया की सभी बच्चे अभी स्वस्थ्य हैं। सभी का मेडिकल जांच किया गया। निगरानी रखी जा रही है।

कैंपस में 72 सीसीटीवी लगाए गए

सूत्रों के अनुसार, हाल में विद्यालय में अनुशासन सख्त किया गया है। अब छात्रों को बिना अनुमति बाहर जाने की अनुमति नहीं है। शिक्षकों की भी निगरानी बढ़ाई गई है। कैंपस में 72 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कुछ बच्चों और शिक्षकों को इससे असुविधा हो रही है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह सुरक्षा और अनुशासन के मद्देनजर किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *