बिहार में महिला को जिंदा जलाया, पिता ने बतायी खौफनाक सच्चाई।
नालंदा:बिहार के नालंदा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सनकी पति ने नशे की हालत में पत्नी को जिंदा जलाकर खौफनाक मौत दी. इस घटना को सुनकर आसपास के लोगों की रूह कांप उठी है. घटना इस्लामपुर थाना क्षेत्र चुल्हन बिगहा गांव की है.
‘आपकी बेटी मर गई’:मृतका की पहचान विकास कुमार की 25 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है. घटना के संबंध में हिलसा थाना क्षेत्र दौलतपुर गांव निवासी संजय गोप मृतका के पिता ने बताया कि बीती रात 12 बजे दामाद ने फोन करके कहा कि आपकी बेटी मर गई है. उसके बाद फोन काट दिया. जब रात को दोबारा फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ हो गया.
“उसके बाद गांव के दूसरे लोगों से घटना की जानकारी मिली. सबने कहा कि आपकी बेटी मामूली रूप से जली है. अभी ठीक है. देर रात होने की वजह से बेटे को उठाया और अहले सुबह जब घर पहुंचा तो देखा कि बेटी का शव घर के कमरे में जला हुआ पड़ा है. इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय थाना को दी.“- संजय गोप, मृतका के पिता।
महिला के दो संतानों की हो चुकी है मौत: सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज घर को सील कर फोरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया है. उन्होंने आगे यह भी बताया कि सुनीता की शादी के बाद दो संतान हुए लेकिन दोनों की तुरंत ही मौत हो गई थी.
‘दशहरे के बाद पत्नी को ले गया था घर’: दशहरा खत्म होने के बाद 5 दिन पहले ही विकास कुमार घर में खाने पीने की दिक्कत की बात कहकर महिला को अपने साथ ले गया था. मृतका के भाई पिंटू कुमार ने बताया कि विकास कुमार नशे का आदी है. शादी के समय 12 लाख रुपए नकद, एक अपाची बाइक और सोने चांदी के आभूषण के साथ कई चीजें तिलक में दी गई थी.
“युवक विकास कुमार झूला कारोबार से जुड़ा हुआ है. अच्छी खेती बाड़ी भी है. बावजूद इसके विकास कुमार पहले से एक शादी किया हुआ था और तीसरी शादी करने के फिराक में था.“- पिंटू कुमार,मृतका के भाई
“प्रथम दृष्टया महिला की जलाकर हत्या की गई है. मृतका के ससुराल पक्ष की ओर से सभी लोग घटना के बाद से फरार हो गए हैं. दो साल पूर्व ही शादी हुई थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. घर को सील कर फॉरेंसिक की टीम को बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.“- अनिल पांडे,इस्लामपुर थानाध्यक्ष
