Featured

सहरसा सदर अस्पताल में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल:दो महीने से वेतन नहीं मिला।

सहरसा के सदर अस्पताल में कार्यरत करीब 40 सफाई कर्मियों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इनका आरोप है कि मार्च और अप्रैल महीने का वेतन अब तक नहीं मिला है। सफाईकर्मी राजेश मलिक ने बताया कि दो महीने से तनख्वाह न मिलने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। “किराना दुकानदारों ने उधार देना बंद कर दिया है, अब तो खाने के भी लाले पड़ गए हैं,” उन्होंने कहा।

NGO दे रहा सिर्फ आश्वासन

सफाई कर्मी मनोज मलिक ने बताया कि पहले हर महीने की 5-6 तारीख तक वेतन मिल जाता था, लेकिन इस बार लगातार देरी हो रही है। “एनजीओ के लोग सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन समाधान कोई नहीं निकाल रहा। अब तो तीसरे महीने का भी आधा समय बीत गया है,” उन्होंने बताया। कर्मियों ने साफ कहा है कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

सिविल सर्जन ने दिया समाधान निकालने का आश्वासन

सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केके मिश्रा ने कहा कि हड़ताल से अस्पताल की सफाई व्यवस्था बाधित हुई है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि आउटसोर्सिंग एजेंसी ज्ञान भारती एनजीओ से बात कर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था बहाल करना प्राथमिकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *