Featured

ट्रक से टकराई सीएनजी, 4 साल की बच्ची की मौत:बेटी के इलाज के लिए जा रहा था परिवार।

सहरसा में रविवार को एक सड़क हादसे में 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं हादसे में उसी परिवार के चार लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब परिवार सीएनजी वाहन से सहरसा स्टेशन जनसाधारण एक्सप्रेस पकड़ने जा रहा था।

घटना सिमरी बख्तियारपुर-सोनवर्षा राज मुख्य मार्ग पर मुरली बायपास के पास हुई। मृतका बच्ची की पहचान सृष्टि कुमारी (4) पिता पवन शर्मा के रूप में हुई है।

हादसे के बाद घायलों को लाया गया सदर अस्पताल
इलाज के लिए चंडीगढ़ जा रहा था परिवार

मधेपुरा के किशनपुर रतवारा निवासी पवन शर्मा अपनी पत्नी सरिता देवी और दो बेटियों, सृष्टि (4) और आरूषी (3) के साथ चंडीगढ़ जा रहे थे। आरूषी ने 8 महीने पहले गलती से ज्वलनशील पदार्थ पी लिया था, जिसके इलाज के लिए डॉक्टरों ने चंडीगढ़ रेफर किया था।

मुरली बायपास पर ट्रक से टकराई सीएनजी

परिवार जैसे ही मुरली बायपास के पास पहुंचा, उसी समय सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सीएनजी को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में सीएनजी चालक रंजीत मंडल समेत सभी लोग घायल हो गए। 4 साल की सृष्टि की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घायल सदर अस्पताल में भर्ती

स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सीएनजी चालक रंजीत मंडल ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ने गलत दिशा से आकर टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ।

फरार ड्राइवर को तलाश रही पुलिस

बनमा इटहरी थाना अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र ने बताया कि मृत बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम करवा लिया गया है। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *