बिहार के इस शहर में 41 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अभी से हीट वेव जैसे हालात।
बिहार में अभी से हीट वेव (लू) जैसे हालात बनने लगे हैं। राज्य में दिन का पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने रात में भी तपिश बढ़ने की संभावना जताई है।
बिहार के इस शहर में 41 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अभी से हीट वेव जैसे हालात
चैत का महीना अभी शुरू ही हुआ है और सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। बिहार के कुछ क्षेत्र में दोपहर के समय भीषण गर्मी पड़ना शुरू हो गया है। मार्च में ही हीट वेव जैसे हालात बन गए हैं। प्रदेश में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। बक्सर गुरुवार को बिहार का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सर्वाधिक है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में दिन और रात के तापमान में और बढ़ोतरी के आसार जताए हैं।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में अगले दो-तीन दिनों तक 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। प्रदेश में दिन के साथ ही रात का पारा भी बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी। अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तर-पूर्वी बिहार और आसपास के क्षेत्रों को छोड़कर पटना सहित प्रदेश के अधिकतर शहरों में तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस दौरान दक्षिण बिहार एवं उत्तर-पश्चिम बिहार के शहरों में पुरवा हवाओं का प्रवाह होगा।
अधिकतम 3.6 और न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री तक चढ़ा मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बिहार के अधिकतम तापमान में 3.6 और न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान प्रदेश के सभी शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। मधुबनी, किशनगंज और शेखपुरा के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। पटना के अधिकतम तापमान में 2.9 और न्यूनतम में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 38.6 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रमुख शहरों का तापमान शहर अधिकतम न्यूनतम पटना 38.6 23.0 गया 39.0 19.4 भागलपुर 38.0 20.8 पूर्णिया 35.7 20.9 मुजफ्फरपुर 36.8 18.1 बक्सर 41.4 19.8 दरभंगा 39.1 18.4 ।
