समस्तीपुर : समस्तीपुर में गेट के अंदर घुसे छात्रों पर लाठीचार्ज:गेट बंद होने पर करने लगे धक्का-मुक्की, परिजन बोले- एक मिनट लेट हुए; ताला लगा दिया
गेट बंद होने पर करने लगे धक्का-मुक्की, परिजन बोले- एक मिनट लेट हुए; ताला लगा दिया
समस्तीपुर में बिहार बोर्ड की 12वीं की परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई है और पहले ही दिन जिले के आरबी कॉलेज, दलसिंहसराय में हंगामा और पुलिस लाठीचार्ज की घटना सामने आई है। परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचे छात्रों को प्रवेश नहीं देने पर विवाद खड़ा हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
परीक्षा केंद्र पर सख्ती को लेकर 1 मिनट की देरी से पहुंचे छात्रों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इससे नाराज छात्रों ने पहले तो प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो छात्रों और उनके परिजन ने मुख्य गेट पर हंगामा शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने जबरन गेट खोलने की कोशिश की, तो पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई छात्र और छात्राएं लाठीचार्ज की चपेट में आ गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस के लाठी बरसाते और छात्र-छात्राओं को भागते हुए देखा जा सकता है।
गेट पर हंगामा करते छात्र, लाठी से खदेड़ रही पुलिस।
परिजन का आरोप- समय से पहले बंद कर दिया गया गेट
घटनास्थल पर मौजूद छात्रों के परिजनों का कहना है कि बच्चे समय पर केंद्र के बाहर पहुंच गए थे, लेकिन प्रशासन ने मुख्य द्वार समय से पहले ही बंद कर दिया। जब बच्चों ने अंदर जाने की कोशिश की, तो ताला जड़ दिया गया। मजबूर होकर छात्रों ने गेट पर धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
घटना के बाद भी छात्र परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े होकर अंदर जाने का इंतजार कर रहे थे। छात्रों और उनके परिजनों में नाराजगी साफ देखी जा रही थी। इस बीच, शिक्षा विभाग के किसी भी अधिकारी ने फोन कॉल्स का जवाब नहीं दिया और मीडिया से बात करने से भी परहेज किया।
77 परीक्षा केंद्रों पर हो रही परीक्षा
बता दें कि समस्तीपुर के कुल 77 परीक्षा केंद्रों पर 63,067 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। छात्राओं के लिए 43 और छात्रों के लिए 34 केंद्र बनाए गए हैं। समस्तीपुर अनुमंडल में छात्रों के लिए 34 केंद्र, दलसिंहसराय अनुमंडल में 5, समस्तीपुर अनुमंडल में 16, रोसड़ा अनुमंडल में 13, और पटोरी अनुमंडल में 9 केंद्र बनाए गए हैं।
एग्जाम देने आए बच्चे लेट होने पर बाहर खड़े हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं और केंद्र के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी गई है। हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात है और किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं, जो सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे। किसी भी समस्या के लिए परीक्षार्थी और अभिभावक बिहार बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 0612-2232227 और 0612-2232257 पर संपर्क कर सकते हैं।
