Featured

सहरसा : आवासीय स्कूल का सीएम करेंगे उद्घाटन…520 छात्राओं को मिलेगा लाभ:23 जनवरी को सहरसा पहुंचेंगे नीतीश कुमार, प्रगति यात्रा की तैयारी जारी

सहरसा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा 23 जनवरी को होने जा रही है। इस दौरे में वे सत्तरकटैया प्रखंड में करोड़ों की लागत से बने अन्य पिछड़ा कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय का उद्घाटन करेंगे।यहां 520 छात्राओं को आवासीय सुविधाओं के साथ शिक्षा मिलेगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन से पहले क्षेत्र में कई लंबित मुद्दों का समाधान किया जा रहा है। बिशनपुर पंचायत में साल 2011-12 में बने पंचायत सरकार भवन की चारदीवारी का निर्माण जमीन विवाद के कारण रुका हुआ था। इसे अब जिलाधिकारी के निर्देश पर सुलझा लिया गया है। इसी तरह बिशनपुर मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय की घेराबंदी का मामला भी हल हो गया है। जो सालों से लंबित पड़ा था।

विशनपुर पंचायत के मुखिया पति सरोज कुमार यादव ने बताया कि विकास कार्यों में स्कूल परिसर में मनरेगा योजना से स्कूली बच्चों के लिए खेल मैदान का निर्माण, पशु चिकित्सालय के जर्जर भवन की मरम्मत और रंग-रोगन, नई सड़कों का निर्माण और पीसीसी ढलाई शामिल है। स्वास्थ्य केंद्र और स्वच्छ पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है।

जिलाधिकारी वैभव चौधरी के नेतृत्व में प्रशासन प्रगति यात्रा की तैयारियों में जुटा है। सहरसा पुलिस अधीक्षक हिमांशु सीएम के आगमन को लेकर पूरी तरह चौकस है। सत्तरकटैया और बिशनपुर पंचायत के सभी सरकारी भवनों की साज-सज्जा की जा रही है, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन पर कोई कमी न रह जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *