सहरसा : गर्ल्स स्कूल के गार्ड रूम में चल रहा अवैध नर्सिंग होम, डीएम को दिया आवेदन, आरोप को बताया निराधार
सहरसा जिला प्रशासन की नाक के नीचे राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के एक कमरे में अवैध रूप से नर्सिंग होम चलाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, वर्षों से यह अवैध नर्सिंग होम अवैध तरीके से स्कूल भवन के कमरे में चल रहा है और स्कूल प्रशासन को जानकारी नहीं होना संदेह के घेरे में है।
पिता थे स्कूल में कार्यरत
जिस निजी नर्स बबली कुमारी पर स्कूल के कमरे को कब्जा कर नर्सिंग होम चलाने की बात सामने आ रही है। उसके पिता इसी स्कूल में चतुर्थवर्गीय कर्मी के रूप में पदस्थापित थे। जो कई वर्षों पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इतना ही नहीं कुछ महीने पहले ही उनकी मौत भी हो गई है। लेकिन उनका परिवार स्कूल के पीछे ही सरकारी जमीन पर अपना घर बना कर रह रहा है।
आरोप को बताया निराधार
इस बाबत पूछे जाने पर नर्स बबली चौधरी ने सभी आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि वह वर्षों तक शहर के कई निजी अस्पताल में नर्स का काम कर चुकी है। उनकी बेटी भी एएनएम है, जिसके कारण आसपास के कुछ लोग स्लाइन चढ़ाने और इंजेक्शन लेने आ जाते थे। स्कूल का यह कमरा जर्जर था, जिसे वह दुरुस्त करा लिया। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या या अन्य आरोप गलत और बेबुनियाद हैं।
क्या कहते है एचएम
इस बाबत पूछे जाने पर स्कूल की प्रधानाध्यापिका बेबी कुमारी ने बताया कि यह कमरा स्कूल कैंपस से बाहर है। जो मूलतः गार्ड का कमरा है और पीछे ही उसका गेट खुलता था। उन्हें जैसे ही जानकारी मिली तो उन्होंने बबली कुमारी को सख्त निर्देश दिया है। वहीं, विभाग सहित अन्य को सूचित कर चुके हैं।
