विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सेमिनार और जागरूकता रैली का हुआ आयोजन।
दरभंगा: स्वास्थ्य और शिक्षा की अपेक्षा युद्ध पर ज्यादा खर्च हो रहा है।इस स्थिति में स्वास्थ्य के प्रति प्रत्येक व्यक्ति को प्रयास करना पड़ेगा।जबतक अंतिम पंक्ति में खड़े विश्व के हर मनुष्य को स्वास्थ्य की सुविधा नहीं मिलती है तबतक अभियान अधूरा है।ये बातें दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ केएन मिश्रा ने डीएमसीएच के शिशु विभाग में आयोजित सेमिनार की अध्यक्षता करते हुए कही।विश्व स्वास्थ्य दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिशु विभाग के विभागाध्यक्ष सह इंडियन अकैडमी आफ पीडियाट्रिक्स के जिला अध्यक्ष डॉ अशोक कुमार,सह प्राध्यापक डॉ एनपी गुप्ता,डॉ ओमप्रकाश आदि ने भी विचार व्यक्त किया।मौके पर सभी पीजी छात्रों ने सीनियर चिकित्सकों के साथ आजीवन स्वास्थ्य का कार्य करने का प्रण लिया।वहीं दूसरी तरफ डीएमसीएच जीएनएम नर्सिंग स्कूल की छात्राओं ने भी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।जिसकी अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ इन्द्रमणि मिश्रा की।इससे पूर्व छात्राओं ने जागरूकता रैली भी निकाली।जिसे प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रैली के दौरान नर्सिंग छात्राओं ने बैनर्स,पोस्टर एवं नारेबाजी के माध्यम से आम लोगों को स्वास्थ्य के महत्व के बारे में संदेश दिया।छात्राओं का जागरूकता मार्च जीएनएम स्कूल से निकलकर गायनिक विभाग पावरग्रीड विश्राम सदन के रास्ते नाका नंबर छह, रहमगंज चौक से होते हुए कर्पूरीचौक तक गई।फिर वहां से वापस मुड़कर जीएनएम स्कूल में जागरूकता मार्च समाप्त हुआ।
